संस्कृत में बाल साहित्य
साहित्य
सम् + धा + क्त = संहित
सहित +ष्यञ्= साहित्यम्
सहितस्य भावः साहित्यम्
सहितत्वं सहितत्वं वा साहित्यम् - श्री राधावल्लभत्रिपाठी
साहित्य समाज का दर्पण होता है। - महावीर प्रसाद द्विवेदी
किसी भी समाज के वास्तविक स्थिति का ज्ञान हम उसके साहित्य से कर सकते हैं।
साहित्य जिसका निर्माण बाल मन को ध्यान में रख कर किया गया हो या जिस साहित्य से बालकों को शिक्षा मिलती हो, जिससे बालको को नीति की शिक्षा व सामाजिकता का ज्ञान होता हो, बालकों में व्यावहारिक ज्ञान की वृद्धि होती हो, ऐसा साहित्य बाल साहित्य के अंतर्गत आता है।
बाल साहित्य में मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक ज्ञान, नीति तथा चारित्रिक जीवन की शिक्षा भी निहित होती है।
संस्कृत में बाल साहित्य
यह सर्वविदित है कि सर्व प्राचीन भाषा संस्कृत ही है और संस्कृत साहित्य का अपना वैभव व वैशिष्ट्य है।संस्कृत साहित्य में बाल साहित्य का भी अपना विशिष्ट स्थान है। संस्कृत भाषा में भी बाल साहित्य की श्रेष्ठ रचनायें हैं। जैसे कि पंचतंत्र, हितोपदेश आदि।
संस्कृत में बाल साहित्य की बात की जाए तो संस्कृत साहित्य में अनेक स्थानों पर छिट-पुट रूप में बाल साहित्य विद्यमान है।
ऋग्वेद -
संस्कृत में यदि बाल साहित्य का आरंभ माना जाए तो संस्कृत साहित्य का जो प्रथम ग्रंथ है( ऋग्वेद)उसमें बालक और मछली की कथा के रूप में हमें प्राप्त होता है।
छांदोग्य उपनिषद -
छांदोग्य उपनिषद में उद्गीथ स्वांग के रूप में हमें बाल साहित्य प्राप्त होता है।
महाभाष्य -
महर्षि पतंजलि के महाभाष्य में कौवा - उल्लू और सर्प - नेवले की जन्मजात शत्रुता है। इसका उल्लेख बाल कथा के रूप में तो नहीं है परंतु बालकों के लिए यें उपयोगी हैं और बाल मनोविज्ञान से युक्त है अतः यह भी एक प्रकार का बाल साहित्य ही है।
विष्णुपुराण -
विष्णुपुराण में ध्रुव और प्रह्लाद का जो आख्यान है वह भी बच्चों के लिए महत्वपूर्ण है। इसमें एकाग्रता, लक्ष्य या एकमात्र दृष्टि, संवेदनाओं का मूल्य, माता पिता के प्रति भक्ति, सदाचार इत्यादि की शिक्षा है जो कि बाल मनोविज्ञान के युक्त ही है। अतः यह भी बाल साहित्य के अन्तर्गत ही है।
इसी प्रकार महाभारत में हमें श्री कृष्ण सुदामा व एकलव्य की कथा के रूप में भी हमें बाल साहित्य की प्राप्ति होती है क्योंकि इसमें बाल मनोविज्ञान की उपस्थिति है।
प्रथम शताब्दी में बृहत्कथा, बृहत्कथा मंजरी, 1037 में कथासरित्सागर, 1480 में बेताल पंचविंशति ( जिसमें बेताल राजा विक्रमादित्य से पहेलियों के माध्यम से बहुत से प्रश्न करता है जो कि बाल मनोविज्ञान से युक्त है इसका बालकों के मन पर बहुत ही गहरा हुआ अच्छा प्रभाव पड़ता है) सिंहासन बत्तीसी (जिसमें 22 पुतलियां पहेलियों के रूप में राजा से प्रश्न करती हैं और राजा भोज प्रश्नों का उत्तर देते हैं ) यह भी बाल मनोविज्ञान से युक्त होने के कारण बाल साहित्य की श्रेणी में आ ही जाता है। 1480 ई. का शुकसप्तति, 15 वी शताब्दी की पुरुष परीक्षा, 14 वीं शताब्दी में जातक माला में बौद्ध कथाएं जिनमें जंतुओं के माध्यम से ज्ञान की बातें की गई हैं। 14 वीं शताब्दी में कथार्णव नामक प्राचीन ग्रंथ की प्राप्ति हुई जिनमें चोर और मूर्खों की 25 छोटी-छोटी कहानियां है।
इसी प्रकार विदुर नीति में भी व्यवहार नीति धर्म की बात की गई है जो सीधे-सीधे बाल साहित्य के रूप में तो नहीं है किंतु विदुर नीति में जो व्यवहार की बातें हैं, नीति की बातें हैं, सदाचार की बातें हैं, वह बालकों के लिए उपयुक्त साहित्य के रूप में ही है। अतः इसे भी बाल साहित्य माना जा सकता है। इसी प्रकार नीतिशतकम् में भी चरित्र निर्माण सदाचार इत्यादि की बातें की गई है अतः इस ग्रंथ को भी बाल मनोविज्ञान से युक्त माना जा सकता है।
इस प्रकार हम देखते हैं कि संस्कृत में जो बाल साहित्य है वह छुटपुट रूप में अनेकों ग्रंथों में बिखरा पड़ा हुआ है जो बालकों के लिए अत्यंत ही उपयोगी है। जिनका बालकों के ऊपर बहुत ही अच्छा हुआ गहरा प्रभाव पड़ता है जिससे बालक सदाचार और नीति की शिक्षा प्राप्त करते हैं।
किंतु बाल साहित्य का वास्तविक रूप संस्कृत साहित्य में मात्र दो ग्रंथों में देखा जाता है जो कि पंचतंत्र व हितोपदेश है ।
पंचतंत्र-
पंचतंत्र की रचना पंडित विष्णु शर्मा ने की है। इसका समय लगभग तीसरी शताब्दी ईसा पूर्व माना जाता है। पंचतंत्र को पांच भागों में बांटा गया है। पहला मित्र भेद, दूसरा मित्र संप्राप्ति, तीसरा काकोलूकीयम्, चौथा लब्ध प्रणाश, पांचवा अपरिक्षित कारक।
पंचतंत्र में मनुष्य और पशु पक्षियों को पात्रों के रूप में देकर मनोरंजक रीति से बालकों को नीति की शिक्षा देने का यत्न किया गया है। यह ग्रंथ बाल मनोविज्ञान के उपयुक्त है और बाल साहित्य का प्रतिनिधि ग्रंथ हैं।
हितोपदेश
हितोपदेश के रचयिता नारायण पंडित है। इन्होंने पंचतंत्र व अन्य नीति के ग्रंथों की सहायता से हितोपदेश नामक ग्रंथ लिखा।हितोपदेश का समय 11वीं या 14वीं शताब्दी के आसपास माना जाता है। इसमें 4 भाग हैं -पहला मित्रलाभ, दूसरा सुहृदभेद, तीसरा विग्रह, चौथा संधि।हितोपदेश में भी कुछ पशु-पक्षियों के माध्यम से नारायण पंडित जी ने बालकों को नीति की शिक्षा देने का यत्न किया है। यह ग्रंथ भी बाल मनोविज्ञान के उपयुक्त है और पंचतंत्र के बाद संस्कृत में बाल साहित्य का यह प्रतिनिधि ग्रंथ है।
इस प्रकार हम देखते हैं कि संस्कृत में बाल साहित्य ऋग्वेद से आरंभ होता है किंतु उसका प्रौढ रूप हमें पंचतंत्र व हितोपदेश में ही मिलता है। इस प्रकार हम देखते हैं कि प्राचीन काल में संस्कृत साहित्य में मात्र इन दो ग्रंथों में ही मुख्य रूप से बाल साहित्य है। किंतु आधुनिक काल में बालकों के लिए साहित्य पर विशेष बल दिया गया है। भारतवर्ष जब आजादी की लड़ाई लड़ रहा था तो उस समय संस्कृत में बाल साहित्य की परंपरा का अंकुर भी फूट रहा था। तभी संस्कृत प्रेमियों ने संस्कृत को जन भाषा बनाने का लक्ष्य करते हुए अनेकों बाल साहित्य रचे। बाल साहित्य को ध्यान में रखकर अनेक पत्र-पत्रिकाओं का सृजन किया गया। संस्कृत मैं अनेकों गीत बाल मनोविज्ञान को ध्यान में रखकर लिखे गए।
वर्तमान में भी भिन्न-भिन्न संस्थाओं और व्यक्तियों के द्वारा बाल साहित्य का सृजन किया जा रहा है। पंडित वासुदेव शास्त्री की रचनाएं, डॉ वीरभद्र मिश्र, जगदानंद झा इत्यादि लोगों ने संस्कृत में बाल साहित्य रचने में अपना अमूल्य योगदान दिया है और दे रहे हैं। इसी प्रकार इच्छाराम द्विवेदी, केशव चंद्रसेन, दिगंबर महापात्र, राजेंद्र मिश्र, जनार्दन हेगड़े, हरेकृष्ण मेहर आदि ने बाल साहित्य रचना में अपना अभूतपूर्व योगदान दिया है।
संस्कृत बाल साहित्य का प्रकाशन करने वाली कुछ संस्थाएं -
१. संस्कृतभारती
२. श्री अरविन्दो आश्रम
३ . साहित्य एकेडमी
४ . लोकभाषा प्रचार समिति
५ . दिल्ली संस्कृत अकादमी
६ . राष्ट्रिय संस्कृत संस्थान
७ . राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद
८. अर्वाचीन संस्कृत साहित्य परिषद्
९. संस्कृत भाषा प्रचारिणी सभा
१०. उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान
संस्कृत में बाल गीतों के कुछ कवि -
श्री नारायण भट्ट -चिरनवीना संस्कृता एषा
पं. वासुदेव द्विवेदी शास्त्री - सादरं समीहताम्
श्री मंजूनाथ शर्मा - पठत संस्कृतम्
डॉ. श्रीधरभास्कर वर्णेकर - लोकहितं मम करणीयम्
संस्कृत बाल साहित्य के प्रमुख फेसबुक पेज
संस्कृत बालगीतों के विडिओ
इस प्रकार हम दखते है कि संस्कृत में बाल साहित्य की प्रचुरता ही है। प्राचीनकाल में संस्कृत साहित्य में बाल साहित्य के ग्रंथों की संख्या भले कम रही हो किन्तु वर्तमान आधुनिक युग में संस्कृत में बाल साहित्य की कोई कमी नहीं है। सभी संस्कृत प्रेमी इस दिशा में बड़े ही मनोयोग से कार्य कर रहे है।
अतः महाभारत की यह उक्ति यहाँ भी चरितार्थ होती है -
- यदिहास्ति तदन्यत्र यन्नेहास्ति न तत्क्वचित्।।
अतःहम यह सहज रूप से कह सकते हैं कि संस्कृत में सब प्रकार का साहित्य है। जिसमें बाल साहित्य भी एक प्रमुख साहित्य के रूप में संस्कृत साहित्य में विद्यमान है।




बहुत बहुत धन्यवाद आपका। वास्तव में संस्कृत में बाल साहित्य अतुलनीय है।
ReplyDeleteआपके प्रयास हेतु पुनः धन्यवाद। बहुत ही सुन्दर व्लॉग की प्रस्तुति।
प्रिय पाठक आपकी टिप्पणी से हमें अति प्रसन्नता हुई और यह प्रसन्नता हमें हमारे कार्य के लिए और उत्साहित करेगी आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।
Deleteआपका प्रयास बहुत ही सराहनीय है।
ReplyDeleteबहुत-बहुत धन्यवाद आपका।
Deleteबाल साहित्य अतीव रूचिकर होता है। पंचतंत्र तो इसके लिए विश्व विख्यात है। बाल साहित्य के लिए अन्य रोचक एवं शिक्षाप्रद कथाएं संग्रहीत कर पाठ्य पुस्तकों में सम्मिलित किया जाय, तो बच्चों में संस्कृत सीखने की जिज्ञासा होगी, साथ ही साथ संस्कृत का भी उद्धार होगा।
ReplyDeleteबहुत ही सुंदर लेख
आपका सुझाव अति उत्तम है। इस दिशा में अनेकों प्रयास संस्कृत प्रेमियों के द्वारा हो रहे हैं हमारा प्रयास रहेगा कि इस दिशा में और भी बल दिया जाए।
DeleteGood post and information
ReplyDelete